आसनसोल में लाउडस्पीकर विवाद: पुलिस चौकी पर पथराव, आंसू गैस और लाठीचार्ज से तनाव
पश्चिम बंगाल के आसनसोल में लाउडस्पीकर की आवाज कम करने के निर्देश के बाद स्थिति तनावपूर्ण हो गई। भीड़ ने पुलिस चौकी पर हमला किया, जिसके बाद पुलिस को आंसू गैस और लाठीचार्ज का सहारा लेना पड़ा।
पश्चिम बंगाल के आसनसोल में लाउडस्पीकर की आवाज कम करने के निर्देश के बाद स्थिति तनावपूर्ण हो गई। भीड़ ने पुलिस चौकी पर हमला किया, जिसके बाद पुलिस को आंसू गैस और लाठीचार्ज का सहारा लेना पड़ा।
पश्चिम बंगाल के आसनसोल शहर में शुक्रवार रात उस समय तनाव फैल गया जब प्रशासन द्वारा लाउडस्पीकर की ध्वनि कम करने के निर्देश दिए गए। रेलपार क्षेत्र में दिन में पुलिस अधिकारियों और स्थानीय निवासियों के बीच इसी विषय पर बातचीत हुई थी, लेकिन शाम होते-होते स्थिति बिगड़ गई और माहौल गर्मा गया।
रात होते-होते बड़ी संख्या में लोग रेलपार स्थित पुलिस चौकी के पास इकट्ठा हो गए। देखते ही देखते भीड़ उग्र हो गई और उन्होंने चौकी पर पथराव शुरू कर दिया। इस दौरान पुलिस और आम नागरिकों के कई वाहनों को भी नुकसान पहुंचाया गया। इस हिंसक घटना में कुछ पुलिसकर्मी घायल भी हुए।

स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस को लाठीचार्ज करना पड़ा और आंसू गैस के गोले भी दागने पड़े। घटना के बाद इलाके में तनाव को देखते हुए अतिरिक्त पैरामिलिट्री फोर्स तैनात की गई है। पुलिस उपायुक्त वीजी सतीश पसुमार्थी ने बताया कि अब स्थिति नियंत्रण में है और सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं ताकि उपद्रवियों की पहचान कर उनके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जा सके।

प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि कानून-व्यवस्था भंग करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। आसनसोल में हुई यह घटना एक बार फिर राज्य में छोटी सी बात पर भड़कने वाले तनाव और उसके बाद होने वाली हिंसा की प्रवृत्ति को दर्शाती है। अधिकारियों का जोर शांति बनाए रखने और भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने पर है।







