गरियाबंद में कान्हा क्लब की दो दिवसीय ओपन वॉलीबॉल प्रतियोगिता संपन्न, पाँच सेट के रोमांचक फाइनल में डिस्टिक रायपुर ने SAI रायपुर को हराया।
गरियाबंद। गरियाबंद जिले में खेल प्रेमियों के लिए यादगार पल तब देखने को मिले, जब कान्हा क्लब गरियाबंद द्वारा आयोजित भव्य दो दिवसीय ओपन वॉलीबॉल प्रतियोगिता का समापन देर रात रोमांचक फाइनल मुकाबले के साथ हुआ। कड़ाके की ठंड और देर रात तक चले मुकाबले के बावजूद दर्शकों का उत्साह चरम पर रहा।

फाइनल मुकाबला SAI रायपुर और डिस्टिक रायपुर के बीच खेला गया, जो वॉलीबॉल प्रेमियों के लिए किसी रोमांचक फिल्म से कम नहीं था। पाँच सेट तक चले इस ऐतिहासिक मुकाबले में शुरुआती दो सेट SAI रायपुर ने अपने नाम किए, लेकिन इसके बाद डिस्टिक रायपुर ने शानदार वापसी करते हुए लगातार तीन सेट जीतकर मुकाबला पलट दिया और 21,000 रुपये की नकद राशि के साथ विजेता ट्रॉफी अपने नाम की।
अंतिम पॉइंट तक सांसें थामे रहे दर्शक
मैच का हर सेट कांटे की टक्कर का रहा। दोनों टीमों के खिलाड़ी एक-एक अंक के लिए आखिरी दम तक संघर्ष करते नजर आए। जैसे ही निर्णायक सेट में डिस्टिक रायपुर ने बढ़त बनाई, दर्शकों का उत्साह देखते ही बन रहा था। अंतिम अंक पड़ते ही पूरा मैदान तालियों, जयघोष और उत्सव के माहौल से गूंज उठा।
फाइनल मुकाबले का पूरा स्कोर
डिस्टिक रायपुर ने SAI रायपुर को 25-27, 24-26, 25-19, 25-19, 15-6 से हराकर खिताब पर कब्जा जमाया।
सेमीफाइनल में भी दिखा जबरदस्त खेल
प्रतियोगिता के सेमीफाइनल मुकाबले भी बेहद रोमांचक रहे।
पहले सेमीफाइनल में डिस्टिक रायपुर ने खेलो इंडिया को 25-15, 25-18 से हराया।
दूसरे सेमीफाइनल में SAI रायपुर ने कवर्धा की टीम को 25-20, 25-18 से पराजित कर फाइनल में प्रवेश किया।
गरिमामयी अतिथियों की रही विशेष उपस्थिति
फाइनल मुकाबले में मुख्य अतिथि के रूप में भाजपा जिलाध्यक्ष अनिल चंद्रकार उपस्थित रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष गफ्फू मेमन ने की।
विशिष्ट अतिथियों में—
जिला कोषाध्यक्ष अजय रोहरा, जिला मंत्री सुरेंद्र सोनटेके, जिला वॉलीबॉल सचिव हरमेश चवाड़ा, डीएफओ वरुण जैन, थाना प्रभारी ओम प्रकाश यादव, जिला प्रेस क्लब अध्यक्ष ज्ञानेश तिवारी, अश्वनी वर्मा सहित अनेक गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।
अतिथियों ने बढ़ाया खिलाड़ियों का हौसला
अतिथियों ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि इस तरह की प्रतियोगिताएं युवाओं को खेलों से जोड़ने के साथ-साथ जिले की खेल प्रतिभाओं को निखारने का बड़ा मंच प्रदान करती हैं।
भाजपा जिलाध्यक्ष अनिल चंद्रकार ने कहा—
“गरियाबंद जैसे जिले में इतनी भव्य और अनुशासित ओपन वॉलीबॉल प्रतियोगिता का आयोजन सराहनीय है। खेल युवाओं को अनुशासन, टीम भावना और नेतृत्व सिखाते हैं। भविष्य में ऐसे आयोजनों को हरसंभव सहयोग दिया जाएगा।”
पूर्व नपा अध्यक्ष गफ्फू मेमन ने कहा—
“यह प्रतियोगिता गरियाबंद के खेल इतिहास में मील का पत्थर साबित होगी। आने वाले समय में यहां राष्ट्रीय स्तर के मुकाबले देखने को मिलेंगे।”
जिला वॉलीबॉल सचिव हरमेश चवाड़ा ने कहा—
“इस आयोजन में प्रदेश और बाहरी राज्यों की मजबूत टीमों ने हिस्सा लिया, जिससे खिलाड़ियों को उच्च स्तरीय अनुभव मिला। गरियाबंद में वॉलीबॉल को नई पहचान मिली है।”
व्यक्तिगत पुरस्कारों से खिलाड़ियों का सम्मान
प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को विशेष पुरस्कार प्रदान किए गए—
- सर्वश्रेष्ठ लिफ्टर: हर्ष दुबे (SAI रायपुर)
- सर्वश्रेष्ठ ब्लॉकर: जगदीश (रायपुर जिला)
- सर्वश्रेष्ठ अटैकर: उवैश (कवर्धा)
- सर्वश्रेष्ठ लिबरो: चंद (खेलो इंडिया)
- बेस्ट कमेंट्री अवार्ड: इमरान मेमन
मंच संचालन दीपक सरवैया ने किया।
राष्ट्रीय स्तर के रेफरी की मौजूदगी
प्रतियोगिता के सभी मुकाबले राष्ट्रीय स्तर के रेफरी प्रदीप यादव, मधुसूदन और ऋतुराज की निगरानी में संपन्न हुए, जिससे खेल की निष्पक्षता और गुणवत्ता बनी रही।
11 टीमों ने लिया हिस्सा
इस दो दिवसीय प्रतियोगिता में कुल 11 टीमों ने भाग लिया, जिनमें रायपुर जिला, SAI रायपुर, कवर्धा, कोरबा, खेलो इंडिया, किरणापुर (मध्यप्रदेश), गरियाबंद पुलिस, आमदी, गांधी क्लब गरियाबंद, मालगांव और कान्हा क्लब शामिल रहीं।
आयोजन को सफल बनाने में अहम योगदान
आयोजन को सफल बनाने में कान्हा क्लब के सदस्यों, स्थानीय युवाओं और खेल प्रेमियों का महत्वपूर्ण योगदान रहा, जिन्होंने दिन-रात मेहनत कर इस प्रतियोगिता को ऐतिहासिक बनाया।

